रांची. राज्य स्थापना दिवस परेड समारोह के मौके पर बेहतर कार्य करने वाले राज्य के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान में गुरुवार को सम्मानित किया गया। मौके पर राज्य के मुख्य सचिव डीके तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। मुख्य सचिव ने समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था बनाये रखना, चोर, लूटेरों से आम जनता की रक्षा करना पुलिस का अहम दायित्व है। इस दायित्व को झारखंड पुलिस बखूबी निभा रही है। साइबर अपराध के रुप में एक नई चुनौती झारखंड पुलिस को मिली है। इस क्षेत्र में भी अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए साइबर अपराधियों पर नकेल कसने की आवश्यकता है।
वहीं डीजीपी कमल नयन चौबे ने कहा कि आज बड़े ही खुशी का दिन है कि राज्य पुलिस के तीन पुलिस पदाधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए झारखंड राज्यपाल पदक, 30 पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस कर्मियों को वीरता के लिए झारखंड मुख्यमंत्री पदक और 27 पुलिस पदाधिकारियों व पुलिसकर्मियों को उनके सराहनीय सेवा के लिए झारखंड पुलिस पदक प्रदान किया गया है। यह न सिर्फ राज्य की पुलिस के लिए बल्कि उन पदक प्राप्त पदाधिकारियों व कर्मियों के लिए भी गर्व की बात है। समारोह में इस डीजीपी के अलावा डीजी जैप नीरज सिन्हा, डीजी होमगार्ड एमवी राव, डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू समेत मुख्यालय के कई पुलिस अधिकारी व कर्मी मौके पर मौजूद थे।